हेमकुंड साहिब की राह आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने पुलना से भ्यूंडार तक 7.2 किमी सड़क निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। अब लोनिवि प्रांतीय खंड गोपेश्वर द्वारा सड़क के लिए तीन करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है।इस सड़क के निर्माण से हेमकुंड साहिब की पैदल दूरी जल्द सात किमी और फूलों की घाटी की दूरी पांच किमी कम हो जाएगी। चमोली जिले में स्थित हेमकुंड साहिब (15225 फीट) और फूलों की घाटी (12995 फीट) पहुंचने के लिए गोविंदघाट से क्रमशः: 19 किमी और 17 किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।अब केंद्र सरकार से पुलना व भ्यूंडार के मध्य सात किमी सड़क निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद भविष्य में न केवल हेमकुंड साहिब की यात्रा, बल्कि फूलों की घाटी की सैर भी आसान हो जाएगी। साथ ही यात्री व पर्यटक एक ही दिन में पुलना से आवाजाही कर सकेंगे।

