बदरीनाथ मंदिर के कपाट सोमवार को रात 9.37 पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। कपाट बंद किए जाने की प्रक्रियाएं भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया था। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजा के साथ शुरू हो गई थी। पहले दिन गणेश मंदिर, दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। तीसरे दिन खड़ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद हुआ। चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया।
