मुनि की रेती क्षेत्र में गंगा की लहरों पर रोमांच का दौर शुरू हो गया। रिवर राफ्टिंग के नए सीजन का विधिवत शुभारंभ गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। राफ्टिंग व्यवसायियों, रिवर गाइड्स और पर्यटन से जुड़े स्थानीय लोगों ने गंगा घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ पूरे सीजन के निर्विघ्न संचालन की कामना की।सीजन शुरू होने से राफ्टिंग कंपनियों के साथ होटल, कैंप, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य पर्यटन व्यवसायों को भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रिवर गाइड, लाइफ गार्ड, ट्रांसपोर्टर, कैंप संचालक और होटल-रेस्टोरेंट कर्मी के रूप में इस कारोबार से जुड़े हैं। सीजन की शुरुआत के साथ इनसे जुड़े लोगों में भी उत्साह नजर आया।
बुधवार सुबह से ही गंगा घाटों पर राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान राफ्टिंग व्यवसायियों ने सुरक्षित राफ्टिंग और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का संकल्प लिया।
