चुनाव को देखते हुए अब सरकार सक्रिय हो गई है। इस कड़ी में प्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एनएचपीसी बनबसा में प्रस्तावित की गई है।
चंपावत में पहली बार कैबिनेट की बैठक हो रही है। इस बैठक में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय किए जाएंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मंत्रिमंडल अब देहरादून से निकलकर पहली बार चंपावत जिला पहुंचेगा। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में होने वाली यह बैठक अगले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत अहम मानी जा रही है।सरकार महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से प्रदेश की जनता को विकास का संदेश देने का प्रयास करेगी। देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की सरकार की परंपरा नई नहीं है। इससे पहले गैरसैंण, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और अल्मोड़ा समेत कई स्थानों पर मंत्रिमंडल की बैठकें हो चुकी हैं।
