देहरादून-पांवटा साहिब के पुराने राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी का पुल पहली मानसून की बारिश भी नहीं झेल पाया। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया था। बारिश के बीच पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इससे पहले 11 जुलाई की रात टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप डालकर बनाई गई अस्थाई पुलिया धंस गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने तेजी से अंतिम कार्य पूरे कर 12 जुलाई से पुनर्निर्मित मुख्य पुल पर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया था। अब उसी नए पुल में धंसाव होने से एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
