उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।मौसम वैज्ञानिकों ने हिदायत देते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों की बात करें तो दो अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।मौसम विभाग की ओर से भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन मंगलवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। प्रदेश में चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में स्कूल बंद रहेंगे।
