राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश के 216 अस्पतालों में नव नियुक्त चिकित्सकों की तैनाती कर दी है। प्रदेश के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला चिकित्सालयों और महिला अस्पतालों में चिकित्सकों को तैनाती दी गई है। सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय के अनुसार, इन डाक्टरों की तैनाती प्राथमिकता के आधार पर उन क्षेत्रों में की गई है, जहां लंबे समय से चिकित्सकों की कमी थी। इससे दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है और मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। पर्वतीय जिलों को प्राथमिकता देते हुए सबसे अधिक 44 डाक्टर टिहरी जिले को आवंटित किए गए हैं इसके बाद चमोली और पौड़ी को 27-27, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग को 24-24, पिथौरागढ़ को 18, चंपावत को 14, बागेश्वर को 11 तथा उत्तरकाशी को आठ डाक्टर दिए गए हैं। वहीं मैदानी जिलों नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों की तैनाती की गई है।
