प्रदेश में गत वर्ष हुए राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के लिए नौकरी मिलने का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को हर हाल में अगस्त तक खिलाड़ियों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं।राज्य में गत वर्ष हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों का सैकड़ा जमाया था। उस समय प्रदेश सरकार ने पदक विजेताओं को नौकरी देने की घोषणा की थी। एकल व व्यक्तिगत स्पर्धाओं में ऐसे खिलाड़ियों की संख्या 240 से अधिक आंकी गई। इनमें से स्वर्ण पदक विजेताओं को 4200 ग्रेड पे, रजत पदक विजेताओं को 2800 ग्रेड पे और कांस्य पदक विजेताओं को 2000 ग्रेड पे दिया जाना प्रस्तावित है।इन पदक विजेताओं को नौकरी देने की घोषणा को पूरी करने के लिए समय-समय पर अड़चनें आई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप के बाद इस दिशा में तेजी से कदम बढ़े। इसके तहत प्रमुख सचिव खेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में चिह्नित विभागों मेंं रिक्त पदों के सापेक्ष खिलाड़ियों को भर्ती करने पर सहमति बनी। इसके लिए सभी विभागों को शीघ्र सहमति पत्र खेल विभाग को भेजने को कहा गया।इन खिलाड़िय़ों को खेल, शिक्षा, पुलिस, परिवहन व वन विभाग में नौकरी दिया जाना प्रस्तावित है। यद्यपि, खेल विभाग को इन सभी विभागों से सहमति मिलना शेष है।
