बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार सांय करीब 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से चली डोली 17 किमी पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, छोटे-बड़े लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची।केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे तय लग्नानुसार विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए।मंदिर परिसर में पहुंचते ही हजारों श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोषों के साथ पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। धाम को इस बार करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं और उत्साह चरम पर है। कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा में शामिल होंगे।
