छोटी-छोटी जमा योजनाओं के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाली लोनी अर्बन मल्टी क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी और उसके 46 कारिंदों के खिलाफ सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।इनमें कंपनी के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता श्रेयस तलपड़े व आलोक नाथ भी शामिल हैं। इस मामले में सितंबर में हाईकोर्ट ने सीबीआई को मुदकमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। इससे पहले राज्य पुलिस इस प्रकरण में कुल 18 प्राथमिकियां दर्ज कर चुकी है, जिनमें से 10 में चार्जशीट स्पेशल बड्स एक्ट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है।पहली प्राथमिकी कोटद्वार कोतवाली में स्थानीय निवासी महिला तृप्ति नेगी की शिकायत पर पिछले एक जून को दर्ज की गई। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में एक के बाद एक कई शिकायतें आईं, जिनपर पुलिस ने कुल 18 प्राथमिकियां दर्ज कीं। इसके बाद इसकी जांच सीबीसीआईडी से भी कराई गई।मामले में प्रदेशभर में महिलाओं ने आंदोलन लिया। देहरादून में सीएम आवास कूच भी किया गया था। सीबीसीआईडी और पुलिस ने कुल 10 प्राथमिकियों में चार्जशीट भी दाखिल कर दी। अब पिछले दिनों हाईकोर्ट ने इस मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इसी क्रम में सीबीआई देहरादून शाखा ने इस प्रकरण में कोटद्वार कोतवाली की प्राथमिकी को आधार बनाते हुए यह प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें बाकी प्राथमिकियों के तथ्यों और आरोपियों के नामों को शामिल किया गया है।

