
उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेल अब अगले साल होंगे। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने भी इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि भारतीय ओलंपिक संघ ने मौखिक रूप से इसकी जानकारी दी है।पिछले साल नवंबर 2023 में गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों के समापन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए उत्तराखंड को भारतीय ओलंपिक संघ का ध्वज सौंप चुकी हैं। जिसे राष्ट्रीय खेल सचिवालय में रखा गया है लेकिन इस साल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक पेरिस ओलंपिक होने हैं। खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय खेलों को लेकर नियम है कि ये हर दो साल में आयोजित होंगे। जिस साल ओलंपिक या एशियन खेल होंगे उस साल राष्ट्रीय खेल नहीं होंगे लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह व्यवस्था गड़बड़ाई है।उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए भारतीय ओलंपिक संघ का ध्वज मिलने और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खेलों के लिए हाईपावर कमेटी गठित होने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि इस साल अक्तूबर के तीसरे सप्ताह से नवंबर के दूसरे सप्ताह के बीच राष्ट्रीय खेल शुरू होंगे। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के मुताबिक विभाग राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार है। विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेलों की तिथि तय करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ को पत्र लिखा गया है। कहा गया है कि इसके लिए दो नवंबर की तिथि तय कर दी जाए, लेकिन दो महीने बाद भी भारतीय ओलंपिक संघ से लिखित में कुछ नहीं आया। आईओए की ओर से अब मौखिक रूप से कहा गया है कि इस साल राष्ट्रीय खेल नहीं होंगे