सुबह सात बजे चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई जो दोपहर बाद तक रुक रुककर जारी रही।उत्तराखंड में आज से मौसम फिर बदल गया है। जौनसार बावर और पछवादून क्षेत्र में सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। चकराता में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।बुधवार को तापमान में अचानक गिरावट आई। चकराता के लोखंडी, लौहारी, बुधेर, देवबन, मुंडाली, खड़बा, कनासर में बर्फबारी शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।इस बीच तीन इंच बर्फ जमी। साथ ही बर्फबारी को देखकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का जमकर आनंद उठाया। अब पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि बर्फबारी जारी रहती है तो चकराता में पर्यटकों की भीड़ उमड़ेगी।वहीं त्यूणी में भी सुबह मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक बारिश होती रही। त्यूणी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों कथियाण, सारनी, किस्तुड, डांगूठा, मुराच और पत्यूडरे में भी हल्की बर्फबारी हुई।

