हिंसा की घटना के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे और यहां घायलों व पीड़ितों से कुशलक्षेम पूछी। साथ ही पुलिस अधिकारियों से इस मामले की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का काम कोर्ट के आदेश पर पहले से हो रहा था। लेकिन यह हमला सुनियोजित था। जिस तरह से हमारी पुलिस पर हमला हुआ है। यह बहुत ही दुख की बात है।जिस तरह से उनकी हत्या का प्रयास हुआ है। जिन लोगों ने संपत्ति जलाई है। वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान हो रही है। उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहां जो भी सामान एकत्रित किया गया था उस पर कार्रवाई होगी।हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात हुई आगजनी और पथराव की घटना में घायल पुलिस, पत्रकारों व अन्य लोगों का हाल जानने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार शाम खटीमा पहुंचे। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को बनभूलपुरा की घटना का अपडेट दिया।
लोहियाहेड स्थित हेलीपैड पर लोगों से सीएम ने संक्षिप्त मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद कैंप कार्यालय में जिलेभर के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बनभूलपुरा की घटना को लेकर हाई अलर्ट मोड पर रहने को कहा। साथ ही प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने और पल-पल का अपडेट देने को कहा।

