उत्तराखंड में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देहरादून समेत नौ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के कई स्थानों पर 50 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ आए अंधड़ ने भी जनजीवन प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ, जबकि विद्युत पोल और लाइनों के साथ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। मौसम के लगातार करवट लेने से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है।मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है।चोटियों में कहीं-कहीं हल्का हिमपात होने की भी सूचना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक रहने की संभावना है।
