राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच हंगामे के दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई है। इससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।स्थिति को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को इस दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
