प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के लिए राहत की खबर है। सरकार उनका मानदेय 35 हजार रुपये से बढ़ाकर 57700 रुपये करने जा रही है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के मुताबिक गेस्ट फैकल्टी को यूजीसी के अनुरूप निर्धारित मानदेय देने के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाएगा।उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान व्यय बजट की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अवशेष बजट शीघ्र खर्च करने एवं विभिन्न निर्माण कार्यों को नियत समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभाग में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के शिलान्यास व पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लोकार्पण की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए।
