उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले 24 घंटे में और तल्ख हो सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा और गर्जन के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान उक्त जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बौछारें पड़ीं, जबकि उमस ने लोगों को परेशान किया। देर शाम आसमान में घने बादल छा गए और भारी वर्षा के आसार बने रहे। रात में देहरादून के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश हुई।मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति पैदा हो सकती है।
