भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर एवं बल्लेबाज ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता रहे। उन्होंने 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा कर प्रदेश में व्यक्तिगत श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, नान-कारपोरेट करदाताओं की सूची में वह चौथे स्थान पर रहे। दूसरी ओर कारपोरेट श्रेणी में ओएनजीसी ने 13564 करोड़ रुपये आयकर अदा कर प्रदेश का सबसे बड़ा करदाता बनने का गौरव हासिल किया।यह जानकारी शुक्रवार को 167वें आयकर दिवस के अवसर पर ओएनजीसी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कानपुर अपर्णा करण ने किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले नागरिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।करदाताओं के योगदान से ही आधारभूत संरचना, विकास योजनाएं और जनकल्याणकारी कार्यक्रम गति पकड़ते हैं। इसलिए ईमानदार करदाताओं का सम्मान करना समाज और राष्ट्र, दोनों के लिए प्रेरणादायक है। समारोह में आयकर विभाग ने उत्तराखंड के शीर्ष कारपोरेट और नान-कारपोरेट करदाताओं को सम्मानित किया।
