उत्तराखंड में मानसून ने रफतार पकड़ ली है। मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की गई है।
