गुरुवार को 18 सैंपल स्वाइन फ्लू की जांच में सात मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और संक्रमित मरीजों के उपचार व निगरानी की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।दून अस्पताल समेत जिला अस्पताल कोरोनेशन में समस्त स्टाफ को मास्क अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह के लक्षण वाले मरीजों को अस्पताल में अलग से देखा जाएगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी या शरीर में दर्द जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने अस्पतालों को भी संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन करने, संदिग्ध मरीजों की जांच और संक्रमित मरीजों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 148 सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिनमें 59 मरीजों में एच1एन1 की पुष्टि हुई है। इनमें 41 देहरादून और 18 अन्य जगहों के मरीज हैं। 40 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 14 मरीज सक्रिय हैं। इनमें 13 का उपचार चल रहा है। वहीं, अब तक पांच मौतें दर्ज हैं, हालांकि इन मामलों में मृत्यु के कारण का अंतिम निर्धारण डेथ आडिट के बाद होगा।
