समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान के विरोध में रविवार को दून में प्रदर्शन हुए। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तराखंड का घुसपैठिया बताया था।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में कुठालगेट पर पुतला दहन किया। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड से संबंध है और वह सनातन संस्कृति के प्रहरी हैं। कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रदेश के सम्मान से जुड़े विषयों पर ऐसी टिप्पणियों को स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शन में ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, मोहित खरोला और अंशुल चावला सहित भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
