कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय से सचिवालय के लिए कूच किया। राजपुर रोड से नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी जैसे ही सुभाष रोड पर सचिवालय के नजदीक पहुंचे पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस पर गणेश गोदियाल व अन्य कांग्रेसी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी की।धरना-प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेसी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए थे। अधिक वजह होने की वजह से बैरिकेड हिलने लगा। इस बीच महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला फिसलने से बाल-बाल बच गईं। गिरने से डॉ. प्रतिमा सिंह चोटिल हो गईं। सड़क पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस ने धरना समाप्त करने के लिए कहा तो जबरदस्त नोक-झोंक और धक्कामुक्की हुई। बाद में पुलिस प्रदेश अध्यक्ष सहित कई कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंची जहां से सभी को रिहा कर दिया गया। गणेश गोदियाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य में भूमि संबंधी अनेक ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों के संरक्षण पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि डाकपत्थर क्षेत्र में जल विद्युत निगम की लगभग 180 एकड़ भूमि के हस्तांतरण का मामला भी विवादों में रहा है। गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) के माध्यम से विकसित किए जा रहे लैंड बैंक को लेकर भी जनता के बीच अनेक आशंकाएं व्याप्त हैं।नैनीताल जनपद के रामगढ़ क्षेत्र में सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के आरोप भी व्यापक रूप से सामने आए हैं।गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2025 में हरिद्वार नगर निगम द्वारा की गई भूमि खरीद के मामले में उठे सवालों के बाद हुई जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई और कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। इस प्रकरण ने स्पष्ट कर दिया कि भूमि संबंधी मामलों में व्यापक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र की भूमि के आवंटन पर गंभीर सवाल उठे हैं।
