मसूरी में आइडियाज बिल्डिंग के समीप बड़ी मात्रा में एकत्रित सूखे कूड़े में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया. घटना से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने कूड़े के ढेर से उठती लपटें और धुआं देखा. तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और मसूरी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी,आग कूड़े के विशाल ढेर के अंदर तक फैल चुकी थी, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया. वहीं मसूरी नगर पालिका की स्वच्छता टीम ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से कूड़े के ढेर को हटाने और अलग-अलग करने का कार्य शुरू किया इसके बाद आग बुझाने में सफलता मिली.
