व्यावसायिक भवन का एक नक्शा मंजूर किया गया, लेकिन मनचाहा निर्माण कराने के लिए आनलाइन पोर्टल पर फर्जी नक्शा अपलोड करा दिया गया। टिहरी जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता व भवन स्वामी की मिलीभगत से यह कारनामा हुआ। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत प्राप्त होने पर गोपनीय जांच कराई तो पाया कि छह अप्रैल को जो मानचित्र स्वीकृत हुआ, 30 जून को आनलाइन पोर्टल पर उसकी जगह दूसरा नक्शा अपलोड मिला। इससे प्राधिकरण में खलबली है। बताया जा रहा है कि ऐसा खेल प्राधिकरण में कई मामलों में किया गया। टिहरी जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने सहायक अभियंता पंकज भट्ट को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब तलब किया है।यह मामला सिर्फ नक्शा बदलने तक सीमित नहीं है। नोटिस के अनुसार सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर साजिशन दस्तावेज तैयार किए गए। प्राधिकरण ने इसे अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन और पद के दुरुपयोग का मामला माना है। नोटिस में कहा गया कि स्वीकृत दस्तावेज में बदलाव कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। प्राधिकरण ने जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ताजा न्यूज़
September 21, 2026
