Black woman in handcuffs
कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुई फैक्टरी कर्मचारी राजवीर की हत्या के मामले का राजफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की साजिश राजवीर की शादीशुदा पुत्री के प्रेमी ने रची थी। प्रेमी उसका तलाक कराकर खुद शादी करना चाहता था। राजवीर इसके विरोध में थे। पुलिस कार्यालय में बुधवार को पत्रकार वार्ता कर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हत्याकांड का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि सोमवार सुबह राजवीर सिंह (45) पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम रानानंगला, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर का शव बहादराबाद के अतमलपुर बोंगला के पास खेत में पड़ा मिला था। राजवीर के पुत्र प्रियांशु की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर एसएचओ अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से आरोपियों को चिह्नित किया गया।एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच से सुराग मिले और कलियर सड़क स्थित लकी अस्पताल के पास आरोपी पंकज को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। नहर पटरी मार्ग से छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में बाइक, राजवीर का मोबाइल बरामद किया गया। शराब का ऑनलाइन भुगतान राजवीर के फोन से हुआ था। प्रेस वार्ता में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह, सिडकुल एसओ अजय शाह मौजूद रहे।
