चारधाम यात्रा को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सरकार ने कमर कसी है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्लास्टिक बोतलों के प्रबंधन को डिजिटल डिपाजिट रिफंड सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए हैं।प्लास्टिक की बोतलों को हतोत्साहित करने के लिए यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाटर एटीएम एवं आरओ प्लांट स्थापित किए जाएंगे।केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार 24 घंटे गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था पिरुल और खच्चरों की लीद से तैयार पैलेट के माध्यम से संचालित गीजरों द्वारा की जाएगी। यात्रा मार्ग पर ग्राम पंचायत तथा अन्य संस्थाएं कूड़े एवं प्लास्टिक वेस्ट की ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी करेंगी।इसके लिए अत्याधुनिक कमांड एवं कंट्रोल केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में शहरी विकास, पर्यटन तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने यात्रा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रीत करने के निर्देश दिए।

