प्रदेश में अगले वर्ष कुंभ और विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इस कड़ी में 800 से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रस्तावित की गई है। वित्त के अनुमोदन के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।इस समय प्रदेश में विभिन्न विभागों में करीब 5500 से अधिक होमगार्ड अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनकी संख्या बढ़ाने की कवायद लंबे समय से चल रही है।होमगार्ड महानिदेशालय ने 800 से अधिक होमगार्ड की भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इस पर अभी शासन में मंथन किया जा रहा है। सचिव गृह शैलेश बगौली का कहना है कि आवश्यकता के अनुसार इस प्रस्ताव पर आगे कदम बढ़ाया जाएगा। इनकी भूमिका को देखते हुए वर्ष 2017 में तकरीबन चार हजार होमगार्ड जवानों के भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया था। विभागों में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नई भर्ती न होने के कारण अधिकांश स्थानों पर होमगार्ड के जवान ही यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

