Shooting a gun in night
ब्रिगेडियर (रिटा) के सीने में गोली मारने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।शुक्रवार देर रात पुलिस राजपुर क्षेत्र स्थित जोहड़ी गांव में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को बदमाशों की लोकेशन की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।चेकिंग के दौरान संदिग्धों की पहचान होते ही पुलिस ने उनका पीछा किया। बदमाश भागते हुए गुनियाल गांव के जंगल की ओर पहुंच गए। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक बदमाश शांतनु त्यागी निवासी ग्राम माढकी थाना बेहट जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश को मौके पर ही दबोच लिया।वहीं दूसरा बदमाश मोहम्मद कावीश हुसैन निवासी ग्राम अंबा बिहार थाना खालापार जनपद मुजफ़फरनगर उत्तर प्रदेश जंगल की ओर भागता रहा। पुलिस के पीछा करने पर बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।अचानक हुई फायरिंग के बीच पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तार और घायल दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है, जिससे बदमाश ने फायरिंग की गई थी। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल व एसपी सिटी लोकजीत सिंह मौके पर पहुंच गए।उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही वह अस्पताल भी पहुंचे, जहां घायल बदमाश का इलाज चल रहा है, और चिकित्सकों से उसकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। फील्ड यूनिट की ओर से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

