उत्तराखंड में मदरसों को जिहादी मानसिकता को पनपाने वाले अलगाववादी केंद्र नहीं बनने देंगे। सरकार ने बच्चों को गुमराह करने वाले अवैध मदरसों पर ताला लगाने का काम किया हैं। जो इन्हें ज्ञान और संस्कार के केंद्र के रूप में स्थापित करना चाहती है। यह कहना है मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का। उन्होंने यह बात सरकार के चार साल पूरे होने पर परेड ग्राउंड में आयोजित चार साल बेमिसाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। सीएम ने इस दौरान 401 करोड़ की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा, चार साल पहले प्रदेश की जनता ने सभी मिथकों को तोड़कर उन्हें पुन: राज्य की सेवा का अवसर दिया। शपथ ग्रहण के दौरान इसी मैदान में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुसार देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था। अब चार साल के बाद गर्व से कह सकते हैं कि वे संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। पहली बार राज्य में जी-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन की बैठकों का सफल आयोजन किया गया, वहीं राष्ट्रीय खेलों का भी भव्य आयोजन किया गया।

