उत्तराखंड में आपदा प्रभावित परिवारों को अब पहले से अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी। केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के तहत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि की है।सीएम धामी ने केंद्र सरकार से सहायता मानकों में वृद्धि का अनुरोध किया था। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि संशोधित मानकों से आपदा प्रभावित परिवारों, किसानों, पशुपालकों और अन्य प्रभावित वर्गों को राहत मिलेगी। इससे क्षतिग्रस्त कृषि भूमि, फसलों, पशुधन, आवास व सार्वजनिक अवसंरचना की पुनर्स्थापना के कार्यों को भी गति मिलेगी। आपदा में मृत्यु होने पर मिलने वाली अनुग्रह सहायता चार लाख से बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दी गई है।अब फसलों के नुकसान पर वर्षा आधारित कृषि के लिए सहायता 8,500 से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है। सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 22 हजार व बागवानी फसलों के लिए 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर सहायता निर्धारित की गई है। वहीं, पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता राशि 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख कर दी गई है। संशोधित प्रावधान वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रभावी हो गए हैं।
