चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा के लिए पहली बार पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन व प्रशासन के पास होगी और शीतकाल यात्रा का डाटा तैयार होगा। चारधाम यात्रा में गंगोत्री, यमुनोत्री व केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो गए हैं।पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा में भीड़ कम होती है। इसे देखते हुए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इस व्यवस्था से सुरक्षा के लिहाज से श्रद्धालुओं की जानकारी व डाटा तैयार होगा।
