उत्तराखंड में पिछले एक सप्ताह से धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह से आसमान में घने बादल छा गए और बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड तथा पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया। देहरादून, हरिद्वार समेत प्रदेशभर में कई जगह बारिश हुई, जिससे एक बार फिर ठंड लौट आई है।वहीं रुड़की, ऋषिकेश, हल्द्वानी और मसूरी में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग और श्रीनगर, कोटद्वार में वर्षा दर्ज की गई। नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई।

