श्री गुरु राम राय दरबार साहिब परिसर में ऐतिहासिक झंडेजी जी के आरोहण के साथ मेला शुरू हो गया।शाम चार बजकर 12 मिनट पर दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के दिशा-निर्देशन में 94 फीट ऊंचे झंडेजी का आरोहण हुआ।चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु इस अविस्मरणीय पल के साक्षी बने।झंडेजी का आरोहण होते ही पूरा माहौल जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल, सच्चे दरबार की जय, दरबार साहिब की जय और गुरु राम राय महाराज की जय, से गूंज उठा। इस वर्ष देहरादून के व्यापारी अनिल कुमार गोयल के परिवार ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाया। मंगलवार को श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुआई में नगर परिक्रमा निकाली जाएगी।हर वर्ष की तरह इस बार भी एक बाज ने झंडेजी व दरबार साहिब की परिक्रमा की। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर गुरु महाराज के जयकारे लगाए। झंडेजी के आरोहण के दौरान बाज की इस उपस्थिति को श्री गुरु राम राय महाराज की सूक्ष्म उपस्थिति माना जाता है।

