चारधाम यात्रा के लिए केदारनाथ धाम के लिए भी आनलाइन पंजीकरण एक लाख के पार हो गया है।चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से राज्य सरकार ने अपील की है कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने को यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं। इससे यात्रा मार्गों पर भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं के संचालन में मदद मिलेगी। तीसरे दिन चारों धाम के लिए 70,648 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया।पहले दिन 1,23,788, दूसरे दिन 1,09,403 ने पंजीकरण किया था। अब तक यमुनोत्री के लिए 55,761,गंगोत्री के लिए 56,912, केदारनाथ के लिए 1,02,103 और बदरीनाथ के लिए 89,063 पंजीकरण हुए हैं।यात्रा प्रशासन के विशेष कार्यकारी अधिकारी डा. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि आफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू होगी। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी।ऋषिकेश स्थित यात्रा पंजीकरण केंद्र और ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार का ऋषिकुल ग्राउंड और देहरादून के विकासनगर में पंजीकरण केंद्र शामिल हैं।श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे की व्यवस्था भी की है। जिसमें यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

