क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने खुद पुलिस को फोन किया और बताया कि मैंने हत्या कर दी है। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार है।पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास तलाश शुरू की।पुलिस के अनुसार काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का घर भी बगल में है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई।
