सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। वर्ष 2027 की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन ने अविवाहित पुरुष अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह भर्ती गढ़वाल मंडल के सात जिलों हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग के स्थायी निवासी युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है। आनलाइन पंजीकरण 13 फरवरी से शुरू हो चुका है।आवेदन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.com पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में आनलाइन कामन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) शामिल है, जिसका आयोजन 1 जून से 15 जून के बीच संभावित है।सेना ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करते समय किसी भी तकनीकी समस्या आने पर अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7456874057 पर संपर्क कर सकते हैं या सीधे एआरओ लैंसडौन कार्यालय से जानकारी ले सकते हैं।

