Shooting a gun in night
भगवानपुर के बिनारसी गांव में रविवार को रविदास शोभायात्रा निकाली गई, जिसका मंदिर में समापन हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर के समीप भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। इसके लिए शाम पांच बजे वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा थी। तभी युवकों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। इस बीच दोनों गुट के युवकों में गोलियां चल गईं। जिससे पहले पक्ष के आनंद (28) निवासी बिनारसी के सीने में लगी और माैके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव लेने की कोशिश की तो पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया।साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और सड़क पर ही शव रखकर धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को देर शाम पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं छर्रे लगने से घायल विकास, गगन और योगेंद्र को सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। देर रात गांव में ही खेत में दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) की लाश मिली है। पीट-पीटकर उसकी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

