अब हज पर जाने वाले यात्री अपनी फ्लाइट की बुकिंग स्वयं ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे। यह सुविधा हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट एवं हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई ने हज यात्रा 2026 के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी घोषणा की है।फ्लाइट बुकिंग पूरी तरह उड़ान क्षमता और उपलब्ध सीटों पर निर्भर करेगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने स्पष्ट किया है कि एक बार फ्लाइट बुक हो जाने के बाद यात्रा की तिथि अथवा फ्लाइट में किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नही किया जाएगा। जो हज यात्री निर्धारित समय सीमा में स्वयं फ्लाइट बुकिंग नहीं कर पाते हैं या इस सुविधा का लाभ नहीं लेना चाहते उनकी फ्लाइट हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से स्वतः आवंटित कर दी जाएगी।उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मो. आरिफ ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार यह सुविधा 29 जनवरी 2026 से अगले चार दिनों तक ही उपलब्ध रहेगी। इस दौरान इच्छुक हज यात्री अपनी सुविधा एवं सीटों की उपलब्धता के अनुसार उड़ान का चयन कर सकेंगे।

