उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) के तहत 95 हजार मतदाताओं को अयोग्य घोषित करते हुए इनके नाम सूची से हटाने की तैयारी है। अयोग्य घोषित किए गए मतदाताओं ने या तो सुनवाई के के दौरान अपेक्षित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं अथवा वे स्वयं अथवा स्वजन के माध्यम से सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हुए हैं।उत्तराखंड में इस समय विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसमें दावे और आपत्तियों पर सुनवाई जारी है। तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जानी है। अभियान के दौरान अब तक नाम हटाने के लिए करीब 1.73 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। आयोग ने यह जानकारी कांग्रेस नेता व कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल के उस बयान के बाद दी है, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के नाम से नाम हटाने संबंधी आवेदन पर सवाल उठाए हैं।
