मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है।मुख्यमंत्री गुरुवार को सचिवालय में कृषि, पशुपालन, पर्यटन एवं उद्योग विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के माध्यम से लोग तक योजनाओं की पूरी जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनसे लाभान्वित हो सकें इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें और पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने तथा स्वरोजगार के अधिकतम अवसर सृजित करने के लिए विभागों को तेजी से कार्य करने को कहा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आवंटित बजट का वास्तविक और ठोस परिणाम सामने आए।मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठकों के कार्यवृत्त उन्नति पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।सेब की अतिसघन बागवानी योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से संचालित कर समयबद्ध लक्ष्य हासिल किए जाएं और किसानों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाए।

