मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड रोडवेज की 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 100 में से 49 बसें ऑन रोड आ गईं, जबकि 51 बसें जल्द ही आ जाएंगी। वहीं, परिवहन निगम ने पहली बार निजी बसों को टक्कर देने के लिए दो अनुबंधित स्लीपर बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी व दो स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया। साथ ही उन्होंने परिवहन निगम की स्मारिका अनवरत और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। सीएम ने बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी। सरकार ने निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन एवं नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने का कार्य किया है।सीएम ने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, एमडी परिवहन निगम एवं अपर सचिव रीना जोशी तथा परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

