धामी मंत्रिमंडल में वर्तमान में पांच सीट रिक्त हैं। मंत्रिमंडल की कुल 12 सीट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ छह मंत्री हैं। मंत्रिमंडल की पांचवीं सीट गत वर्ष मार्च माह में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के त्यागपत्र के कारण रिक्त हुई थी। वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री धामी ने जब शपथ ली थी तो उनके मंत्रिमंडल में तीन स्थान रिक्त थे।कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद मंत्रिमंडल में रिक्त स्थान की संख्या बढ़कर चार हो गई थी। रिक्त हुए दो मंत्री पदों के विभागों का जिम्मा मुख्यमंत्री धामी के पास ही है। उनके पास वर्तमान में 35 से अधिक विभाग हैं।अगले विधानसभा चुनाव में अब कम समय शेष है। इससे पहले भाजपा हाईकमान ने प्रदेश से लेकर जिलों में पार्टी संगठन में परिवर्तन को प्राथमिकता दी है। अब मात्र प्रदेश कार्यसमिति का गठन शेष है। प्रदेश सरकार भी नये बजट सत्र की तैयारी प्रारंभ करेगी। माना जा रहा है कि प्रदेश में बजट सत्र आगामी फरवरी के दूसरे पखवाड़े या मार्च माह में हो सकता है।

