हरिद्वार से ऋषिकेश जा रही हावड़ा-दून (उपासना) एक्सप्रेस की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत हो गई। हादसा मोतीचूर-रायवाला स्टेशन के बीच राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज में हुआ। इससे हरिद्वार-देहरादून और हरिद्वार-ऋषिकेश रेल खंड पर यातायात प्रभावित हुआ। उपासना एक्सप्रेस व देहरादून से आनंद विहार जा रही वंदे भारत ट्रेन को करीब आधा घंटा रायवाला स्टेशन रोका गया। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। हाथियों का झुंड राजाजी टाइगर रिजर्व के बीच से गुजर रहे रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था। इसी बीच हावड़ा-दून एक्सप्रेस (13009) आ गई। हाथियों ने तो रेलवे ट्रैक पार कर लिया था, लेकिन झुंड में साथ चल रहा एक छोटा हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया। वन्यजीव प्रतिपालक अजय लिंगवाल ने बताया कि मरने वाले हाथी की उम्र करीब छह से आठ वर्ष है। राजाजी टाइगर रिजर्व के बीच से गुजर रहा रेलवे ट्रैक कई मतर्बा हाथियों के लिए जानलेवा साबित हुआ है। इस मामले में ट्रेन के लोको पायलट खुशीराम मौर्य और सहायक लोको पायलट दीपक कुमार के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

