
प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से तवाघाट-घटियाबगड़-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 59 सड़कें बंद हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों की 36 सड़कें शामिल हैं। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-घटियाबगड़-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग में मलघट के पास मलबा आया है। इसी जिले में धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग किलोमीटर 56.700 पर बड़े पत्थर आने से बंद है।यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह पर बंद है। यमुनोत्री हाईवे रानाचट्टी, स्यानाचट्टी व पाली गाड के पास मलबा आने के कारण मार्ग बाधित है। जिले में कुल 19 सड़कें बंद हैं। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबरानी के पास मलबा व पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित है। हाईवे को सुचारु करने का कार्य जारी है।