
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से तेज दौर की बारिश व हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून की बारिश से गर्मी से राहत मिली है। आने वाले दिनों की बात करें तो 22 जून तक प्रदेशभर में मौसम बदला रहेगा। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इसके अलावा मानसून के उत्तराखंड में इसी सप्ताह दस्तक देने की उम्मीद है।सोमवार को सुबह से ही दून में आंशिक बादल मंडराते रहे, दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में बौछारें पड़ीं। जिससे उमस से राहत मिली। दून का अधिकतम तापमान भी सामान्य के करीब रहा। वहीं, विकासनगर और मसूरी में झमाझम वर्षा हुई। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा के बाद ठंड महसूस की गई।