दो दिन बाद प्रदेश भर में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश होने से तापमान में कमी दर्ज की जाएगी।मई के बाद जून में भी अभी तक कई बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी लोगों को झुलसा रही है ,दून में बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार है। रविवार को भी यहां का अधिकतम तापमान नौ डिग्री इजाफे के साथ 42.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन में चिलचिलाती गर्मी के साथ रात का न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री इजाफे के साथ 27.9 डिग्री रहा। जिसके चलते दिन और रात को भी गर्म हवाओं ने खूब परेशान किया। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में 19 जून को तेज बारिश हो सकती है। जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं झोंकेदार हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है। जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में कुछ कमी आने से गर्म हवाओं से राहत मिलेगी।

