हल्द्वानी पहुंचे सचिन पायलट ने 13 मिनट के अपने भाषण में केंद्र सरकार पर जमकर निशाने साधे। 13 मिनट के भाषण में उन्होंने एक बार भी मोदी का नाम नहीं लिया। उन्होंने भाजपा के द्वारा पूर्व में किए वायदों पर सवाल उठाए। बोले दस साल के कार्यकाल में सरकार ने क्या किया? पूछा क्या किसी किसान की आमदनी दोगुनी हुई? कालाधन वापस आया? बेरोजगारों को रोजगार मिला?। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए युवा नेता ने कहा कि राजीव गांधी ने तो कभी भाजपा मुक्त भारत बनाने की नहीं सोची, वह भी तब जब उनके पास कांग्रेस के 405 सांसद थे।कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। रामलीला मैदान में रामनवमी के दिन यह जनसभा होने से मौका और खास हो गया। रामलीला के मंच से कांग्रेस के स्टार प्रचारक सचिन पायलट ने धर्म, जाति और बिरादरी से परे होकर वोट देने की अपील की। भाषण को समाप्त करने के बाद सचिन पायलट ने सभी को राम-राम कहा, जिसका कांग्रेसियों ने भी राम-राम कहकर जवाब दिया।

