यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया यानि 10 मई को सुबह 10.29 बजे कर्क लग्न, रोहिणी नक्षत्र में खोले जाएंगे। रविवार को यमुना जयंती चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर यह मुहूर्त तय किया गया। गंगोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीया पर ही खोले जाने हैं। इसके अलावा बदरीनाथ, केदारनाथ व गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि पहले ही निर्धारित हो चुकी है।
मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में यमुनोत्री मंदिर समिति की ओर से मां यमुना की पूजा-अर्चना एवं पंचांग गणना के बाद तीर्थपुरोहितों ने यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त तय किया। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल व सचिव सुरेश उनियाल ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और तीर्थपुरोहितों की उपस्थिति में कपाट खुलने की तिथि और समय की विधिवत घोषणा की।

