मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में नई आबकारी नीति पर मुहर लगा दी गई। नीति में इस वर्ष शराब की कीमतों में पांच से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। साथ ही विदेशी मदिरा की थोक आपूर्ति में स्थानीय निवासियों की भागीदारी भी नीति में सुनिश्चित की गई है।नीति में देशी शराब में स्थानीय फलों यथा कीनू, माल्टा, काफल, सेब, नाशपाती, तिपूर, आड़ू आदि के इस्तेमाल को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने बजट सत्र देहरादून में करने पर भी मुहर लगाई है। इसकी तिथि तय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही उड़ान योजना की तर्ज पर उत्तराखंड को देश व विदेश के विभिन्न शहरों से जोड़ने के लिए उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना लागू करने पर भी कैबिनेट ने सहमति जताई है। इस योजना में हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर, दोनों ही सेवाएं संचालित की जाएंगी।

