पौड़ी गढ़वाल जिले की सीमा अंतर्गत कालागढ़ स्थित न्यू कॉलोनी में एक आवासीय भवन में आग लगने से एक युवक की मौत हो गई। कालागढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर बृहस्पतिवार को कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम पौने आठ बजे के करीब न्यू कॉलोनी में एक आवासीय भवन में अचानक आग लग गई। भवन से धुंआ उठता देख आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। व्यापारियों ने दरवाजा तोड़कर किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने से आकाश गोयल (35) पुत्र हरि किशन निवासी कालागढ़ की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई।आकाश इस सरकारी भवन में अकेला ही रहता था और बिजली का काम करता था। कहा कि प्रथम दृष्टया बिजली का काम करते वक्त शॉट सर्किट से कमरे में रखे कबाड़ में आग लगना प्रतीत हो रहा है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

